इंदौर फूटी कोठी सब्जी मंडी के समर्थन में सड़क पर उतरे जीतू पटवारी, बोले- गरीबों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा

 


इंदौर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में फूटी कोठी ब्रिज के नीचे से हटाई गई सब्जी मंडी को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और सब्जी विक्रेता सड़क पर उतरे। हाथों में सब्जियां और बैनर लेकर प्रदर्शनकारियों ने फूटी कोठी से अटल रोड की ओर पैदल मार्च किया।

पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन के दौरान जीतू पटवारी सब्जी व्यापारियों के साथ सड़क पर बैठ गए और मंडी दोबारा शुरू करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि रोज कमाने-खाने वाले छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को न्याय मिलने तक कांग्रेस उनके साथ खड़ी रहेगी। पटवारी ने कहा, ''हमें गोली मारना है तो मार दो, लेकिन हम बिना न्याय के हटने वाले नहीं हैं।'' उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सब्जी विक्रेताओं को फिर से ब्रिज के नीचे जगह दी जाए।

पटवारी बोले- मुख्यमंत्री इंदौर से रणछोड़कर भागे

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने इंदौर के प्रभारी मंत्री का दायित्व छोड़ दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को लेकर कहा, ''आज ये इंदौर से रणछोड़ हुए हैं। मैं मां अहिल्या की शपथ लेकर कहता हूं कि इन्हें मध्यप्रदेश से रणछोड़ कर देंगे।'' पटवारी ने जहरीले पानी से हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार, महापौर, कैलाश विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में जिम्मेदारी तय करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए क्या कार्रवाई हुई है। जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में गरीब और छोटे कारोबारियों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में ठेले, रेहड़ी और सब्जी विक्रेताओं के लिए पर्याप्त हॉकर जोन नहीं बनाए गए हैं। 25 साल से सत्ता में रहने के बावजूद छोटे व्यापारियों के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं होना सवाल खड़े करता है। उन्होंने भू-माफियाओं को संरक्षण दिए जाने का आरोप भी लगाया।

ब्रिज निर्माण के समय व्यापारियों को हटाने में मैंने सहयोग किया था

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि फूटी कोठी ब्रिज के निर्माण के समय वे क्षेत्र के विधायक थे और उन्होंने खुद व्यापारियों से कुछ समय के लिए मंडी हटाने का आग्रह किया था, ताकि निर्माण कार्य पूरा हो सके। उस समय यह बात तय हुई थी कि ब्रिज बनने के बाद व्यापारियों के लिए दोबारा जगह निर्धारित की जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि निर्माण पूरा होने के बाद अब तक सब्जी विक्रेताओं के लिए उचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि वे नगर निगम प्रशासन से इस मुद्दे पर दोबारा चर्चा करेंगे। यदि सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो वे खुद ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी शुरू कराने पहुंचेंगे। पटवारी ने कहा कि गरीबों के रोजगार और उनके अधिकारों के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यापारियों को बार-बार हटाने से समस्या का समाधान नहीं होगा।

नगर निगम ने बातचीत का दिया आश्वासन

प्रदर्शन के दौरान पटवारी ने नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सहाय से भी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि या तो सब्जी मंडी दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाए या उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने डीसीपी नरेंद्र रावत से भी इस मामले में स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की।

नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सहाय ने कहा कि सब्जी व्यापारियों की मांगों और समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए निकाला जा सकता है। प्रशासन पहले भी चर्चा के माध्यम से समाधान निकालने के पक्ष में था और आगे भी यही रुख रहेगा। उन्होंने बताया कि व्यापारियों की ओर से चार-पांच लोगों का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम आयुक्त से मिलना चाहता है। प्रशासन इस बातचीत के लिए तैयार है और उनकी मांगों पर चर्चा की जाएगी।

पटवारी ने बताया कि नगर निगम आयुक्त और उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करने तथा सब्जी विक्रेताओं के लिए ब्रिज के नीचे जगह उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विचार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद कांग्रेस ने प्रशासन को सहयोग किया।

महिलाएं और बुजुर्ग विक्रेता भी प्रदर्शन में शामिल

प्रदर्शन में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनीला मिमरोट, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और कांग्रेस नेता पिंटू जोशी सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। महिला सब्जी विक्रेता हाथों में सब्जियां और बैनर लेकर प्रदर्शन में पहुंचीं। सोनीला मिमरोट ने कहा कि कांग्रेस सब्जी मंडी की महिलाओं और बुजुर्ग व्यापारियों के साथ खड़ी है तथा उनके रोजगार की बहाली की मांग कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पैदल मार्च को अटल रोड की ओर बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कई बार धक्का-मुक्की हुई। पुलिस द्वारा पटवारी को डिटेन करने की तैयारी भी की गई। प्रदर्शन के कारण आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। एक राहगीर महिला ने कहा कि प्रदर्शन की पूर्व सूचना दी जानी चाहिए थी, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे