इंदौरः देर रात आतिशबाजी से मैरिज गार्डन जला, सुबह गोशाला में लगी भीषण आग, मवेशी झुलसे

 




इंदौर, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में खंडवा रोड इलाके में देर रात से अलसुबह तक आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। एक ओर जहां बारात की आतिशबाजी ने मैरिज गार्डन को चपेट में ले लिया, वहीं कुछ घंटों बाद गोशाला में भीषण आग भड़क गई, जिसमें मवेशी झुलस गए।

जानकारी अनुसार पहली घटना पिपल्याराव स्थित राधा कृष्ण गार्डन में रात करीब 11:30 बजे हुई। बारात के दौरान की गई आतिशबाजी से गार्डन के बाहर लगी झाड़ियां और टेंट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटें फैलने लगीं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, वहां मौजूद लोगों की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई। सभी ने मिलकर तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ ही देर में स्थिति पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

गोशाला में भड़की भीषण आग

दूसरी घटना बुधवार अलसुबह करीब 4:24 बजे अयोध्यापुरी इलाके में शांति फार्म हाउस के पास स्थित एक गोशाला में हुई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के अनुसार, आग बुझाने के लिए करीब 25 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल किया गया और पूरी प्रक्रिया में लगभग दो घंटे का समय लगा। आग लगने के दौरान गोशाला में कई मवेशी फंसे हुए थे। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन इस दौरान दो मवेशी झुलस गए। फिलहाल, गोशाला में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे