इंदौर में कनाडिया बायपास पर फूटी नर्मदा की पाइपलाइन, सड़क पर बहा हजारों लीटर पानी

 


इंदौर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में संभावित जलसंकट के बीच रविवार को कनाडिया बायपास पर नर्मदा जलप्रदाय की पाइपलाइन फूटने से हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। हनुमान मंदिर के पास सुबह पानी की सप्लाई के दौरान हुई इस घटना के बाद सड़क पर पानी फैल गया। सूचना मिलने पर नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा और पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे जलप्रदाय के दौरान अचानक पाइपलाइन फूट गई। आशंका जताई जा रही है कि पानी के दबाव के कारण लाइन क्षतिग्रस्त हुई होगी। हालांकि, पाइपलाइन फूटने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू ने बताया कि कनाडिया क्षेत्र में पाइपलाइन फूटने की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर भेजा गया और सुधार कार्य शुरू करा दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन मुख्य लाइन नहीं, बल्कि डिस्ट्रीब्यूशन लाइन है। मरम्मत का काम पूरा होते ही व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। उनके मुताबिक, इस घटना से क्षेत्र की जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका नहीं है।

जलसंकट की आशंका के बीच पानी की बर्बादी

कम बारिश के चलते इंदौर में आगामी दिनों में जलसंकट की आशंका जताई जा रही है। इसे देखते हुए नगर निगम की ओर से लोगों से पानी का सीमित और सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की जा रही है। पानी की बर्बादी रोकने के लिए कार्रवाई भी की जा रही है। ऐसे में नर्मदा की पाइपलाइन फूटने से बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बहने की घटना ने जल संरक्षण की तैयारियों के बीच व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे