इंदौर: जिंसी–लक्ष्मीबाई प्रतिमा मार्ग का काम जल्द हाेगा शुरू, अतिक्रमण हटाने के लिए 3 दिन की मोहलत, महापौर ने किया स्थल निरीक्षण

 


इंदौर, 02 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के जिंसी क्षेत्र में प्रस्तावित जिंसी से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक सड़क निर्माण कार्य जल्द ही गति पकड़ेगा। नाले पर पुल निर्माण का काम शुरू हो चुका है और इसके आगे बढ़ते ही सड़क निर्माण भी प्रारंभ कर दिया जाएगा। शनिवार सुबह महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और स्थानीय रहवासियों से चर्चा की।

सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को लेकर निगम ने सख्ती दिखाई है। कई रहवासियों ने स्वेच्छा से अपने निर्माण हटा लिए हैं, जबकि शेष लोगों को तीन दिन का समय दिया गया है। तय समयसीमा के बाद नगर निगम द्वारा कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाए जाएंगे। महापौर ने कहा कि वर्ष 2023 के मास्टर प्लान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों का समय पर निर्माण बेहद आवश्यक है। जिंसी से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक बनने वाली यह सड़क शहर के ट्रैफिक नेटवर्क को मजबूत करेगी और आवागमन को सुगम बनाएगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने रहवासियों को परियोजना के महत्व से अवगत कराया और सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही यह कार्य बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सकेगा। इस दौरान अपर आयुक्त, संबंधित पार्षद, एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, अश्विनी शुक्ल सहित अन्य निगम अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे