इंदौरः जिला पंचायत सीईओ ने किया एचपीवी टीकाकरण अभियान का निरीक्षण
- छात्राओं एवं अभिभावकों से संवाद कर टीकाकरण के प्रति किया प्रेरित
इंदौर, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने गुरुवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जैन ने टीकाकरण केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने टीकाकरण की प्रक्रिया, लाभार्थी बच्चों की उपस्थिति, पंजीयन व्यवस्था एवं अभिलेख संधारण की विस्तार से समीक्षा करते हुए कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जैन ने विद्यालय में उपस्थित छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से सीधे संवाद स्थापित कर एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका भविष्य में गंभीर बीमारियों, विशेषकर महिलाओं में होने वाले कुछ प्रकार के कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और इसे शत-प्रतिशत सफल बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागीय अधिकारियों के दल गठित किए गए हैं, जिन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर अनुश्रवण (मॉनिटरिंग) एवं प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी पात्र लाभार्थी का टीकाकरण छूटने न पाए। जिला प्रशासन द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा पहल से लाभान्वित हो सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर