इंदौर में 4 साल का मासूम लापता, पुलिस तलाश में ढाई घंटे बाद मंदिर में सुरक्षित मिला
इंदौर, 02 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के काशीपुरी क्षेत्र में शुक्रवार रात एक चार वर्षीय मासूम के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप का माहौल बन गया। हालांकि करीब ढाई घंटे की तलाश के बाद बच्चा सुरक्षित मिल गया, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना हीरा नगर थाना क्षेत्र की है। रात करीब 10 बजे बच्चा अपनी मां के पीछे-पीछे घर से बाहर निकल गया, लेकिन मां को इसका आभास नहीं हुआ। कुछ देर बाद जब बच्चा घर में नजर नहीं आया तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तेजी से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। एक टीम ने घरों, छतों, कमरों और यहां तक कि पानी की टंकियों तक की जांच की, जबकि दूसरी टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालती रही। इस दौरान कॉलोनी के रहवासी भी बच्चे की तलाश में सक्रिय रूप से जुट गए। पास में नाला और कचरा प्लांट होने के कारण अनहोनी की आशंका से माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया था।
आखिरकार रात करीब साढ़े 12 बजे बच्चा घर से लगभग 100 मीटर दूर एक मंदिर में सुरक्षित सोता हुआ मिला। पुलिस के अनुसार, बच्चा चलते-चलते मंदिर तक पहुंच गया था और वहीं एक कोने में सो गया। सर्च टीम पहले भी मंदिर के पास से गुजरी थी, लेकिन बच्चा उस समय नजर नहीं आया। बाद में दोबारा जांच करने पर वह पर्दे के पीछे सोता हुआ मिला। मासूम के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया। बेटे को सकुशल देखकर परिवार की चिंता खुशी में बदल गई और पूरे इलाके में राहत का माहौल बन गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे