इंदौर में गोगा नवमी पर सफाई मित्रों का अवकाश, जनप्रतिनिधियों ने संभाली शहर की सफाई व्यवस्था

 




- राजबाड़ा से शुरू हुआ ‘हम भी स्वच्छाग्रही’ अभियान, महापौर, निगम कमिश्नर, पार्षद और रहवासी झाड़ू लेकर उतरे

इंदौर, 06 सितंबर (हि.स.)। देश भर में स्वच्छता में नंबर वन मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में गोगा नवमी के अवसर पर रविवार को सफाई मित्रों को अवकाश दिए जाने के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। ‘हम भी स्वच्छाग्रही महा जनभागीदारी अभियान’ के तहत महापौर, निगम कमिश्नर, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों, रहवासियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई की।

अभियान की शुरुआत रविवार सुबह राजबाड़ा से हुई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल, एमआईसी सदस्य निरंजन सिंह चौहान ‘गुड्डू’, अश्विनी शुक्ल, पार्षद कमल वाघेला और रूपाली पेंढ़ारकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि राजबाड़ा पहुंचे। सभी ने राजबाड़ा के बाहर और आसपास के क्षेत्रों में झाड़ू लगाकर सफाई की।

सफाई मित्रों के अवकाश के बीच जनभागीदारी

वाल्मीकि समाज के आराध्य देव श्री वीर गोगा जी का गोगा नवमी पर्व 5 सितंबर को मनाया गया। पर्व के चलते अगले दिन आज रविवार को सफाई मित्रों को अवकाश दिया गया, ताकि वे परिवार के साथ त्योहार मना सकें। इस दौरान शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए निगम ने जनप्रतिनिधियों, रहवासियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से विशेष सफाई अभियान चलाया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल और स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सफाई मित्रों के अवकाश के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखना और नागरिकों को भी स्वच्छता की जिम्मेदारी से जोड़ना है।

जोन और वार्डों में भी चला अभियान

राजबाड़ा के अलावा शहर के विभिन्न जोन और वार्डों में भी जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों ने रहवासियों तथा सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर सफाई की। कई स्थानों पर लोगों ने अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों और उद्यानों की सफाई में भाग लिया।

पहले से तय की गई थी व्यवस्था

निगम प्रशासन ने अभियान को लेकर पहले ही तैयारियां कर ली थीं। महापौर और निगम कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को सफाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद रविवार को शहर के कई हिस्सों में सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे