इंदौर में देर रात दो जगह आग, गीताभवन के कैफे में सिलेंडर ब्लास्ट, मल्हारगंज के फ्लैट में भी भड़की आग
इंदौर, 17 अप्रैल (हि.स.)। इंदौर शहर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात आग की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। गीताभवन इलाके में एक कैफे में लगी आग सिलेंडर ब्लास्ट के बाद और भीषण हो गई, जबकि मल्हारगंज क्षेत्र में एक फ्लैट में आग लगने से घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि दोनों ही घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।
दमकल विभाग के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 2:15 बजे गीताभवन मंदिर के पास स्थित एक कैफे में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। इसी दौरान कैफे में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते कैफे का शेड और अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। दमकल टीम ने करीब दो टैंकर पानी की मदद से आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।
मल्हारगंज में फ्लैट में आग, समय रहते बाहर निकला परिवार
इसी रात मल्हारगंज के गोपाल चौराहे के पास एक फ्लैट में भी आग लग गई। आग से घर का अधिकांश घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। फ्लैट में रहने वाला बंसल परिवार समय रहते बाहर निकल गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दमकल विभाग ने करीब 10 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया।
त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
दोनों घटनाओं में फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया और जनहानि नहीं हुई। हालांकि लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा और सतर्कता को लेकर चिंता बढ़ा दी है, खासकर गर्मी के मौसम में ऐसे हादसों की आशंका अधिक रहती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे