इंदौर में कारखाना संचालक की मौत, घर में खून से सना शव मिला, हत्या की आशंका
कमरे में बिखरा मिला सामान, शव के पास पड़ा था खून से सना चाकू, जांच में जुटी पुलिस
इंदौर, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर में रविवार सुबह एक कारखाना संचालक का खून से सना शव उनके घर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कमल कुमावत के रूप में हुई है। उनके शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। कमरे में सामान बिखरा हुआ था और शव के पास खून से सना चाकू भी पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह कमल कुमावत काफी देर तक नीचे नहीं आए। इस पर उनके भाई शेखर कुमावत पहली मंजिल स्थित कमरे में पहुंचे। दरवाजा खोलते ही कमरे में खून फैला हुआ था और कमल का शव पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चंदन नगर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
कमरे में संघर्ष के मिले संकेत
परिजनों के अनुसार, कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था, जिससे घटना से पहले संघर्ष होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। घटनास्थल से खून से सना एक चाकू भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
अलमारी बनाने का कारखाना चलाते थे
परिवार के मुताबिक, कमल कुमावत अलमारी बनाने का कारखाना संचालित करते थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उनके दो बच्चे हैं, जो घटना के समय गांव गए हुए थे। परिवार में उनके तीन भाई हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़े किसी संदिग्ध की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे