इंदौर: राजबाड़ा पर बैंक की बिल्डिंग के जर्जर छज्जे हटाए, निगम ने पोकलेन से की कार्रवाई, नोटिस के बाद भी तय समय में नहीं हुआ काम
इंदौर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के राजबाड़ा क्षेत्र में गुरुवार को नगर निगम ने बैंक की पुरानी बिल्डिंग के जर्जर छज्जों को हटाने की कार्रवाई की। निगम की टीम ने पोकलेन की मदद से पहली और दूसरी मंजिल के बाहर निकले छज्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिहाज से संबंधित सड़क पर कुछ समय के लिए आवाजाही बंद रखी गई।
दरअसल, डोल ग्यारस के दौरान इस बिल्डिंग के छज्जे से प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई थी। इसके बाद नगर निगम ने एहतियात के तौर पर यहां बैरिकेडिंग कराई थी। दो दिन पहले भी बिल्डिंग से लोहे का एक स्ट्रक्चर गिर गया था। हालांकि, दोनों घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी।
नोटिस के बाद भी तय समय में नहीं हटे छज्जे
नगर निगम के मुताबिक, बिल्डिंग के बाहर निकले छज्जे बारिश और समय के कारण जर्जर हो गए थे। प्लास्टर गिरने की शिकायतें भी सामने आ चुकी थीं। निगम ने बैंक प्रबंधन को नोटिस जारी कर छज्जों को हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन तय समय-सीमा में काम नहीं हो सका। इसके बाद लोगों की सुरक्षा को देखते हुए निगम ने खुद कार्रवाई की।
पुरानी है बिल्डिंग, बाहरी हिस्सा हुआ था जर्जर
जोन-12 के बिल्डिंग ऑफिसर राहुल रघुवंशी ने बताया कि बिल्डिंग पुरानी है, लेकिन उसका रखरखाव किया जा रहा है। पहली और दूसरी मंजिल के बाहर निकले छज्जे जर्जर हो गए थे। नोटिस के बावजूद तय समय में उन्हें नहीं हटाया गया, इसलिए निगम की टीम ने कार्रवाई कर दोनों मंजिलों के छज्जे हटा दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे