इंदौर के दंपति ने दिखाई मानवता, चार बच्चों की जान बचाई; पुलिस ने किया सम्मानित
मंदसौर, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आक्या गांव के पास 8 अप्रैल की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंदौर के एक दंपति ने तत्परता दिखाते हुए चार बच्चों सहित कई घायलों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस ने दंपति को सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार, एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिसमें सवार 6 बच्चे और 4 महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही दलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान वहां से गुजर रहे इंदौर निवासी पंकज सिंह और उनकी पत्नी अंजू सिंह ने बिना देर किए राहत कार्य में सहयोग शुरू कर दिया।
दंपति ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। विशेष रूप से अंजू सिंह स्वयं घायल बच्चों को लेकर पुलिस वाहन में बैठीं, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका और उनकी जान बचाई जा सकी।
इस उत्कृष्ट मानवीय सहयोग के लिए थाना प्रभारी दलौदा उपनिरीक्षक शुभम व्यास ने दंपति को थाना परिसर में आमंत्रित कर सम्मानित किया और आभार व्यक्त किया। साथ ही, दंपति के नाम मध्य प्रदेश शासन की ‘राहवीर योजना’ के अंतर्गत 25 हजार रुपये के पुरस्कार के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया