इंदौर में रूई के गोदाम में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका, दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
इंदौर, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक रूई के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। घटना थाना परिसर के पास स्थित एक कंपाउंड की है, जहां रूई तैयार करने का काम किया जाता था। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। गोदाम में बड़ी मात्रा में रूई और अन्य ज्वलनशील कच्चा माल रखा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हादसे में गोदाम के अंदर रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते गोदाम में काम कर रहे कारीगर बाहर निकल आए, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही आरडी कानवा सहित परदेशीपुरा थाना स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल दमकल कर्मी आग को पूरी तरह बुझाने और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे