इंदौरः कमिश्रन ने ली देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट के पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक
- उड़ान संचालन में वन्य जीवों एवं पक्षियों के रोक हेतु अल्ट्रासोनिक म्यूजिक सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए: संभागायुक्त
इंदौर, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट इंदौर के पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक सोमवार को संभागायुक्त कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने विमानतल पर्यावरण प्रबंधन समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यावरण प्रबंधन समिति की रेस्क्यू टीम द्वारा देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट इंदौर के एयर साईड क्षेत्र का समय-समय पर नगर निगम की टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण करें तथा वन्य जीव प्रबंधन एवं न्यूनीकरण प्रयासों को और बेहतर बनाने हेतु कार्य करें। साथ ही प्रतिमाह प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित कर किए गए कार्यों की समीक्षा करें।
उन्होंने कहा कि विमानों के उड़ान संचालन में वन्य जीवों एवं पक्षियों के रोक हेतु अल्ट्रासोनिक म्यूजिक सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अग्नि व पक्षियों की पूर्व सूचना के लिए नियमानुसार सेंसर्स का भी उपयोग करने पर जोर दिए है। बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा, एयरपोर्ट निदेशक सुनील मगगीरवार, वन विभाग के अधिकारी अमित सोलंकी, एयरपोर्ट के मैनेजर शफी सैय्यद, स्वास्थ्य विभाग की अधिकारी डॉ. निर्मला अखण्ड सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि देवी अहिल्या बाई होलकर एयरपोर्ट इंदौर विमानतल की परिधि में विशेषकर अप्रोच फनल रनवे, बीएसएफ और एयरोड्रम पुलिस स्टेशन के आसपास बड़े हुए पेड़ों की कटाई-छटाई करें। बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि बिजासन टेकरी और आसपास के क्षेत्र में सतत निगरानी की जाए। साथ ही इंदौर-पीथमपुर मार्ग पर खुले में पड़े कचरे की सफाई की जाए। इस कार्य में नगर निगम का सहयोग लिया जाए।
बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि विमानतल की परिधि और आसपास के क्षेत्रों से नियमित रूप से आवारा श्वानों को पकड़ने का कार्य किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विमानतल की फैंसिंग में कहीं कोई दरार या छेद है, तो उसे तत्काल ठीक किया जाए। विमानतल के आसपास के क्षेत्र को आग से बचाने के लिए सुरक्षा के विशेष प्रबंधन किए जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर