इंदौर कलेक्टर की जनसुनवाई में युवक ने खुद पर डाला ज्वलनशील पदार्थ, अधिकारियों की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
इंदौर, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रशासनिक संकुल स्थित कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने अचानक अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल उसे रोक लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर पदार्थ हटाया। समय रहते हस्तक्षेप होने से बड़ा हादसा टल गया।
युवक की पहचान जामनिया खुर्द निवासी आकाश के रूप में हुई है। वह डीजे लगी गाड़ी की खरीद-बिक्री और भुगतान को लेकर लंबे समय से विवाद में था। घटना के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा और एसडीएम घनश्याम धनगर ने युवक से बात कर उसकी शिकायत सुनी और समझाइश दी। एसडीएम धनगर के अनुसार, आकाश ने 31 जनवरी 2025 को एक व्यक्ति से डीजे लगी गाड़ी करीब 11 लाख 21 हजार रुपए में खरीदी थी। सौदे के समय उसने 2 लाख रुपए का भुगतान किया था। बाकी रकम आठ महीने में चुकाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच मौखिक सहमति बनी थी। तय अवधि में पूरा भुगतान नहीं होने पर वाहन मालिक की ओर से करीब चार महीने का अतिरिक्त समय भी दिया गया। इसके बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद दूसरे पक्ष ने वाहन अपने कब्जे में ले लिया।
वाहन वापस लेने के बाद बढ़ा विवाद
आकाश का आरोप है कि गाड़ी के सौदे को लेकर उसके साथ धोखा हुआ और उसे तय वाहन के बजाय खराब डीजे सिस्टम वाली दूसरी गाड़ी दी गई। उसका यह भी दावा है कि वाहन में नया सामान लगवाने के नाम पर उससे अतिरिक्त रकम खर्च कराई गई और बाद में वाहन वापस ले लिया गया।
वहीं, प्रशासन के अनुसार दोनों पक्षों के बीच कोई लिखित अनुबंध नहीं था। भुगतान और वाहन के कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। वाहन वापस लिए जाने के बाद आकाश ने मामले को लेकर अलग-अलग स्तर पर शिकायतें की थीं। उसने पुलिस थाने के अलावा पुलिस कमिश्नर कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय में भी आवेदन दिया था। मंगलवार को वह इसी मामले की शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचा था।
दूसरे पक्ष को भी बुलाया
एसडीएम धनगर ने बताया कि फिलहाल जनसुनवाई में युवक का पक्ष सुना गया है। दूसरे पक्ष को भी कलेक्टर कार्यालय बुलाया गया है। दोनों पक्षों की बात सुनने और दस्तावेज व तथ्यों की जांच के बाद मामले का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। घटना के बाद पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद युवक के पास ज्वलनशील पदार्थ पहुंचने को लेकर भी सवाल उठे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे