इंदौरः कलेक्टर की अधिकारियों को हिदायत, बोले- वर्षा ऋतु से पहले सड़क और ब्रिज निर्माण कार्य करें पूर्ण

 


इंदौर, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा ने मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सड़कों की मरम्मत, अपूर्ण सड़क एवं ब्रिज निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव अथवा यातायात अवरोध जैसी स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए अभी से प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी, स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन, अपर कलेक्टर रोशन राय, नगर निगम इंदौर के अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया गया। कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि सड़कों पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात सुधार के लिए जनजागरूकता जितनी आवश्यक है, उतनी ही जरूरी सतत प्रवर्तन एवं कार्रवाई भी है। बैठक में ब्लैक स्पॉट सुधार कार्यों की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

कलेक्टर वर्मा ने खंडवा रोड, उज्जैन रोड तथा मुंबई-आगरा रोड पर चल रहे सड़क एवं ब्रिज निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए बारिश के पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश कार्य पूर्ण नहीं हो पाते हैं, तो वहां वैकल्पिक एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन एवं वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में आगामी जून माह में आयोजित होने वाले ब्रिक्स देशों के सम्मेलन को दृष्टिगत रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्थाएं सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के दौरान यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर