तीन महीने में मास्टर प्लान नहीं आया तो इंदौर से भोपाल तक पदयात्रा: जीतू पटवारी

 


भोपाल-इंदौर के मास्टर प्लान की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन तेज करने का ऐलान

भोपाल, 12 सितंबर (हि.स.)। भोपाल और इंदौर के मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर दबाव बढ़ाने की बात कही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को रोशनपुरा चौराहे पर भोपाल मास्टर प्लान की मांग को लेकर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के 31 घंटे के उपवास कार्यक्रम में शामिल होकर समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि यदि अगले तीन महीने में भोपाल और इंदौर के मास्टर प्लान जारी नहीं किए गए तो कांग्रेस इंदौर से भोपाल तक 50 हजार लोगों के साथ पदयात्रा निकालेगी।

जीतू पटवारी ने कहा कि मास्टर प्लान के अभाव में दोनों शहरों में विकास कार्यों को लेकर अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। इससे आम लोगों के साथ व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पहले भी सरकार के सामने मांग रख चुकी है और आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

सरकार को तीन महीने का समय

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने नगरीय प्रशासन मंत्री, मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री से अगले तीन महीने में दोनों शहरों के मास्टर प्लान जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई और लोगों की समस्याएं बनी रहीं तो कांग्रेस आंदोलन को व्यापक रूप देगी। प्रस्तावित पदयात्रा में 50 हजार लोगों को शामिल करने का दावा किया गया है। पटवारी ने कहा कि पदयात्रा मास्टर प्लान के अलावा प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार और अनियोजित विकास के मुद्दों को भी उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर शुल्क पर सवाल

जीतू पटवारी ने 19 सितंबर को राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम के लिए मैदान के उपयोग के एवज में सरकार ने 10 लाख रुपए शुल्क लिया है। पटवारी ने कहा कि कार्यक्रम छात्रों और युवाओं से जुड़ा है और सरकार को ऐसे आयोजनों को राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखना चाहिए।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेता प्रतिपक्ष रहते भोपाल आने का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस सरकार उनके कार्यक्रमों को अनुमति देती थी और कई मौकों पर कार्यक्रमों में शामिल भी होती थी। पटवारी ने कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं और जनभावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, विधायक नितेंद्र राठौर और विजय चौरे, पूर्व संगठन महामंत्री राजीव सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी, भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे