इंदौर भागीरथपुरा हादसे में मृतकों के घर पहुंचे कांग्रेसी, आयोग की रिपोर्ट पर उठाए सवाल
इंदौर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा दूषित पानी हादसे की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। बुधवार को इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने परिजनों को न्यायिक आयोग की रिपोर्ट में सामने आए निष्कर्षों और अनुशंसाओं की जानकारी दी।
रिपोर्ट की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि परिवार के कई लोगों ने अपना इकलौता कमाने वाला सदस्य खो दिया है। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। परिजनों ने महापौर, पार्षद, विधायक और नगर निगम आयुक्त समेत जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई।
इकलौता कमाने वाला खोया, परिवार आर्थिक संकट में
पीड़ित परिवारों ने कांग्रेस नेताओं से कहा कि हादसे में कई परिवाराें के कमाने वाले इकलाैते सदस्य की मौत के बाद उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का आरोप है कि सरकार की ओर से बीमार लोगों के इलाज का खर्च उठाने की घोषणा की गई थी, लेकिन कुछ परिवारों को इलाज पर अपने स्तर से खर्च करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक का शव अस्पताल से घर लाने में भी उन्हें राशि खर्च करनी पड़ी।
परिजनों ने सरकार से मुआवजा और राहत की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की। उनका कहना था कि हादसे के बाद परिवारों की आर्थिक स्थिति और खराब हुई है, इसलिए राहत राशि और अन्य सहायता जल्द उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
आयोग की अनुशंसाएं लागू करने की मांग
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि कांग्रेस न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में पीड़ित परिवारों के लिए राहत और मुआवजे को लेकर की गई अनुशंसाओं को सरकार को तत्काल लागू करना चाहिए। चौकसे ने कहा कि पीड़ित परिवारों की समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर कांग्रेस आगे भी उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने संकेत दिया कि दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ितों को राहत दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस दोबारा आंदोलन करेगी। इस दौरान राम नारायण बौरासी, अमित यादव, रानू मलोरिया, नितेश बौरासी सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे