इंदौर : बेलमोर्ट पार्क के ऑफिस समेत शहर में तीन जगहों पर लगी आग, दस्तावेज और सामान जलकर खाक

 


इंदौर, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में बुधवार को अलग-अलग इलाकों में आग लगने की तीन घटनाएं सामने आयी हैं। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से तीनों ही जगहों पर समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। इन घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन लाखों रुपये का सामान और जरूरी दस्तावेज जलकर खाक हो गए।

जानकारी के अनुसार, आग लगने की पहली और बड़ी घटना लसूडिया क्षेत्र की है, जहां बेलमोर्ट पार्क के मेंटेनेंस और टाउनशिप बिल्डर के ऑफिस में बुधवार सुबह करीब 5 बजे अचानक आग लग गई। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने जब ऑफिस से धुआं निकलते देखा, तो उसने तुरंत शोर मचाया। आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के एएसआई सुशील कुमार दुबे ने बताया कि इस हादसे में ऑफिस का पूरा सामान और कई बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

इसी तरह, दूसरी घटना खंडवा रोड स्थित अनुराधा नगर में अलसुबह घटित हुई, जहां बबली पति प्रीतम सिंह की सब्जी दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते दुकान में रखा सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 1000 लीटर पानी का इस्तेमाल कर आग को पूरी तरह शांत किया। शुरुआती जांच में इस आगजनी की वजह शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।

वहीं, तीसरी घटना सुबह करीब 10:30 बजे रेडिसन चौराहे के पास स्थित महिदपुरवाला फर्नीचर की बहुमंजिला बिल्डिंग में हुई। यहां बिल्डिंग के सातवें माले के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई, जिससे पूरी इमारत में घना धुआं फैल गया और वहां काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के महज 15 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने बिल्डिंग के स्टाफ की मदद से मुस्तैदी दिखाते हुए आग पर तुरंत काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से रुक गया। सूचना मिलते ही विजयनगर और खजराना थाने का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया था। दमकल कर्मियों ने बताया कि इस बहुमंजिला इमारत में भी आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट ही बताया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत