इंदौर में एडीसीपी को धक्का देकर गिराया, पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया

 




साउथ तोड़ा में अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम का विरोध, पुलिसकर्मियों पर युवकों से मारपीट का आरोप, वीडियाे सामने आया

इंदौर, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के साउथ तोड़ा में बुधवार को नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हंगामा हो गया। भीड़ को पीछे हटाने के दौरान एक युवक ने एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को धक्का दे दिया। संतुलन बिगड़ने से वे पीठ के बल जमीन पर गिर पड़े। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया है।

कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाएं अपना सामान बाहर निकालने के लिए समय दिए जाने की बात कहते हुए पुलिस से बहस करने लगीं। महिलाओं का कहना था कि उन्हें जारी नोटिस में सुबह 9 बजे तक का समय दिया गया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। कई लोग घटना का वीडियो बनाने लगे।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल भीड़ को पीछे हटाने लगे। इसी दौरान पीछे मौजूद एक युवक ने उन्हें धक्का दे दिया। धक्का लगने से उनका संतुलन बिगड़ा और वे जमीन पर गिर गए। पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक को पकड़ लिया। उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक समेत अन्य लोगों को भी अभिरक्षा में लिया गया। सामने आए वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी युवकों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

6 लोगों को हिरासत में लिया

एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के अनुसार, रिमूवल कार्रवाई के दौरान छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 80 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए थे।

50 शेड और मकानों के अवैध हिस्से हटाए

नगर निगम की टीम 100 से अधिक कर्मचारियों, तीन पोकलेन और छह जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची थी। निगम अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। टेप से नपती कर अवैध निर्माण चिह्नित किए गए और इसके बाद उन्हें हटाया गया।

झोन-11 के झोनल अधिकारी गीतेश तिवारी ने बताया कि साउथ तोड़ा में करीब 50 शेड और कुछ मकानों के अवैध हिस्से हटाए गए हैं। क्षेत्र में सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का काम प्रस्तावित है। इसी के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे