सागरः खुरई में आधुनिक और जलवायु अनुकूल खेती पर अंतरराष्ट्रीय मंथन शुरू

 


सागर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में उपसंचालक कृषि के विशेष प्रयासों और कुशल मार्गदर्शन के चलते जिले के खुरई में एक उच्च स्तरीय कृषि कार्यशाला की शुरुआत हुई है। 'जीआईजेड जर्मन कोऑपरेशन' के माध्यम से आयोजित यह तीन दिवसीय इंडो-जर्मन वर्कशॉप मंगलवार से शुरू हुई । इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में वैश्विक स्तर के कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और नीति निर्माता शिरकत कर रहे हैं।

वर्कशॉप में मुख्य रूप से जर्मनी से मिस्टर हेन्स क्लेन, कैमरून से मिस माइकल लाटा और कनाडा से मिस्टर जूलियन मेलार्ड पहुंचे हैं। इनके अलावा GIZ की दिल्ली व मध्य प्रदेश की कोर टीम सहित कई अन्य गणमान्य डेलीगेट्स भी इस आयोजन का हिस्सा बने हैं।

कार्यशाला के प्रथम दिवस (16 जून) को खुरई अनुभाग के विकासखंड बीना के ग्राम गुलौआ में एक विशेष फील्ड विजिट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके बाद प्रतिनिधियों ने खुरई में अत्याधुनिक कृषि यंत्रों का लाइव डेमोंसट्रेशन (सजीव प्रदर्शन) देखा और क्षेत्र की प्रमुख कृषि यंत्र निर्माण इकाइयों का भ्रमण किया। दोपहर बाद खुरई विकासखंड के ग्राम बरोदिया नौनगिर में 'फार्मर इंटरेक्शन' (किसान संवाद) कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान विदेशी वैज्ञानिकों और स्थानीय किसानों के बीच सीधा संवाद हुआ। वैज्ञानिकों ने किसानों के पारंपरिक तौर-तरीकों को समझा और उन्हें आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी।

फील्ड विजिट और संवाद कार्यक्रम के दौरान विदेशी वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों के बीच निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

कार्यशाला के दूसरे दिन यानी 17 जून को इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का विधिवत व भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न सत्रों (सेशन्स) में कृषि यंत्रीकरण, पारिस्थितिकी परिवर्तन, प्राकृतिक खेती, फसल अवशेष प्रबंधन और जलवायु अनुकूल कृषि जैसे गंभीर विषयों पर प्रेजेंटेशन और चर्चाएं होंगी। विदेशी प्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ खुरई व आसपास के क्षेत्रों की कृषि संबंधी गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन कर रहे हैं। इस मंथन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की कृषि समस्याओं के समाधान खोजना और भविष्य में कृषि विकास व निर्यात की संभावनाओं को तलाशना है।

इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में कृषि विभाग के अधिकारियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान बीना के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अवधेश राय, खुरई के राजू चौहान, धीरेंद्र ठाकुर, अजहर खान, ऋषि यादव, सचिन चतुर्वेदी,राघव रामा गुप्ता सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे