राजगढ़ः इंदिरा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, निशान लेकर पहुंचे श्रद्धालु
राजगढ़,6 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में इंदिरा एकादशी के अवसर पर मंगलवार को शहर के श्री खाटू श्याम मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह मंगला आरती के साथ बाबा श्याम के दर्शन शुरू हुए। इसके बाद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। ब्यावरा शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे। मंदिर समिति के अनुसार, दिनभर में बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इंदिरा एकादशी के चलते बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो फूलों से बाबा का दरबार सजाया गया। आकर्षक फूलों की सजावट के बीच बाबा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु कतार में खड़े रहे। महिलाओं और बच्चों की संख्या भी काफी रही। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मनोकामना पूर्ति के लिए प्रार्थना की। श्याम निशान लेकर पहुंचे भक्त, भक्ति गीतों से गूंजा मंदिर परिसर इंदिरा एकादशी पर ग्रामीण क्षेत्रों से कई श्रद्धालु श्याम निशान लेकर मंदिर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ पहुंचीं टोलियों ने पूरे रास्ते बाबा श्याम के जयकारे लगाए। हाथों में निशान लेकर पहुंचे भक्तों से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र दिनभर भक्तिमय बना रहा। भीड़ को देखते हुए की गई व्यवस्था श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने कतार और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की। पुलिस, नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने भीड़ को व्यवस्थित करने में सहयोग किया। मंदिर के आसपास के मार्गों पर भी जवान और स्वयंसेवक तैनात रहे। इंदिरा एकादशी का सनातन परंपरा में विशेष महत्व माना जाता है। यह एकादशी पितृपक्ष में आती है। श्रद्धालु इस दिन भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर पितरों की शांति एवं मोक्ष तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक