80वें स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण, जीतू पटवारी बोले- भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई होगी तेज
भोपाल, 15 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश कार्यालय इंदिरा भवन में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रगान के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को नमन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान, लोकतंत्र, देश की एकता-अखंडता और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प लिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनगिनत सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। कांग्रेस की विचारधारा लोकतंत्र, संविधान, समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के मूल्यों के साथ देश के भविष्य के निर्माण के लिए संघर्ष की प्रेरणा देती है।
रोजगार और शिक्षा को बताया सबसे बड़ी चुनौती
जीतू पटवारी ने कहा कि आज देश के सामने युवाओं के रोजगार, शिक्षा और उनके भविष्य से जुड़ी चुनौतियां गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होना चाहिए। कांग्रेस युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के प्रत्येक परिवार के बच्चे को केजी से पीजी तक मुफ्त, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी शिक्षा मिलनी चाहिए। कांग्रेस इस मांग को लेकर संघर्ष करेगी। पटवारी ने कहा कि पार्टी का संकल्प है कि प्रदेश में किसी बच्चे की शिक्षा उसके परिवार की आर्थिक स्थिति के कारण बाधित न हो।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा बन गया है और सरकारी योजनाओं तथा जनता के अधिकारों पर इसका प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई और तेज करेंगे तथा प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे।
खड़गे से जुड़े कथित घटनाक्रम पर जताई नाराजगी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल को कथित तौर पर गंगाजल से धोने अथवा हवन कर शुद्ध करने के मामले पर भी पटवारी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने इसे खड़गे के साथ-साथ संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और अनुसूचित जाति-जनजाति समाज के अपमान से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दतिया, विजयपुर और बुधनी के मतदाताओं का जताया आभार
पीसीसी चीफ पटवारी ने दतिया, विजयपुर और बुधनी की जनता का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा के कथित भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और अन्य मुद्दों के खिलाफ कांग्रेस पर जो विश्वास जताया है, पार्टी उस विश्वास को टूटने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिस भी हिस्से में जनता को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष की जरूरत होगी, कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ खड़े रहेंगे।
वरिष्ठों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा से संगठन मजबूत करने पर जोर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने संगठन में वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा के बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी वरिष्ठों के अनुभव का लाभ लेते हुए युवाओं को प्राथमिकता देगी और संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटवारी ने संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती, युवाओं के रोजगार, बच्चों की शिक्षा, किसानों के अधिकार और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, एआईसीसी सचिव कुणाल चौधरी, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, पूर्व संगठन महामंत्री राजीव सिंह, एआईसीसी प्रवक्ता अभय दुबे, अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार, भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, भोपाल ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी पटेल सहित वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल सहित कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। ध्वजारोहण के बाद पटवारी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ झंडावंदन किया तथा कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे