झाबुआ: स्वाधीनता दिवस पर कलेक्टर कार्यालय में फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज
झाबुआ, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला मुख्यालय पर शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय तरीके से हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। मुख्य समारोह डीआरपी लाइन पर मंत्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला कलेक्टर कार्यालय में भी सम्मान पूर्वक स्वाधीनता दिवस समारोह मनाया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और विविधता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े।
इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पहली बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन के माध्यम से मातृभूमि के प्रति सम्मान एवं समर्पण व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. भरसट ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर बलिदानियों के त्याग एवं संघर्ष का स्मरण कराता है। हम सभी का दायित्व है कि अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करते हुए जिले एवं प्रदेश के विकास में योगदान दें। शासकीय सेवक के रूप में हमारी प्राथमिकता आमजन को समय पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होना चाहिए। इस अवसर पर कलेक्टर कार्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कलेक्टर डॉ. भरसट द्वारा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा