अनूपपुर: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय उत्सव स्वतंत्रता दिवस

 


अनूपपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया।

विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में प्रभारी कुलपति प्रो. अवधेश कुमार शुक्ल ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। जिसमे एनसीसी, एनएसएस एवं विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों ने परेड प्रस्तुत की। इस दौरान शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर प्रभारी कुलपति प्रो. अवधेश कुमार शुक्ला ने कहा कि परेड केवल अनुशासन और समर्पण का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता का संदेश भी देती है। स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं देश के वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि आजादी हमें असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्राप्त हुई है। राष्ट्र के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय वीरों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जनजातीय संस्कृति, परंपरा और ज्ञान को संरक्षित एवं संवर्धित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने जनजातीय वीरों भगवान बिरसा मुंडा,रानी दुर्गावती,रघुनाथ शाह,तिलका मांझी,शंकर शाह सहित अनेक जनजातीय वीरों के गौरव गाथा का वर्णन किया। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ संविधान के मूल्यों का सम्मान करें।

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को प्रभारी कुलपति द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. मूर्ति ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रो. आलोक श्रोत्रिय,परीक्षा नियंत्रक प्रो. शैलेंद्र सिंह भदौरिया, एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. प्रबुद्ध मिश्र, प्रो. मनोहर वी., प्रो. उदय राजपूत, प्रो. जयंत बेहरा, डॉ. शिवाजी चौधरी, डॉ. धर्मेंद्र झरिया सहित समिति के अन्य सदस्य,डीन अकादमिक प्रो. भूमिनाथ त्रिपाठी, छात्र अधिष्ठाता डॉ. तरुण ठाकुर, प्रो. नीति जैन, प्रो विकास सिंह, उपकुलसचिव डॉ. पूजा तिवारी, उपकुलसचिव डॉ. संजीव सिंह सहित विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला