अनूपपुर: महेंद्र गोयनका मामले में आयकर टीम की कोतमा में भाई मनीष के कर्मचारियों से पूछताछ जारी

 


अनूपपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा निवासी धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार खनिज एवं इस्पात कारोबारी महेंद्र गोयनका से जुड़े कनेक्शन को लेकर आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को जिले के कोतमा नगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए महेंद्र गोयनका के छोटे भाई मनीष गोयनका के घर व दुकानों में कार्यरत चार कर्मचारियों को पूछताछ के लिए अपने साथ लिया।

बीआरसी भवन में रखकर समाचार लिखे जाने तक रात 8.20 बजे भी पूछताछ की जा रहीं हैं। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है।

ज्ञात हो कि विधायक संजय पाठक की कंपनी में 1000 करोड़ के फ्रॉड के आरोप ने महेन्द्र गोयनका को गिरफ्तार किया गया है। जिसकी शिकायत कोलकता में दर्ज कराई गई थी।

आयकर अधिकारियों ने चारों कर्मचारियों रोहित सोनी (कोतमा), बृजेंद्र मिश्रा (पैरीचुआ), संगत पांव तथा कोमल पांव (गोहान्ड्रा) को जनपद पंचायत कार्यालय परिसर स्थित बीआरसी भवन में रखकर समाचार लिखे जाने तक रात 8.20 बजे भी पूछताछ की जा रहीं हैं। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है।

स्थानीय पुलिस के साथ दी दबिश

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे आयकर विभाग की 8 सदस्यीय टीम दो वाहनों से कोतमा थाने पहुंची। स्थानीय पुलिस बल को साथ लेकर टीम ने कोतमा, गोहान्ड्रा और पैरीचुआ में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कर्मचारियों को लिया। कार्रवाई के दौरान दिनभर पूछताछ का सामना कर रहे कर्मचारियों के परिजन जनपद कार्यालय परिसर के बाहर डटे रहे। हालांकि, आयकर विभाग के अधिकारियों ने अब तक जब्त संपत्तियों, दस्तावेजों या वित्तीय लेन-देन को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

पाठक परिवार के साथ की धोखाधड़ी

पूरा मामला मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक संजय पाठक के परिवार की कंपनियों से जुड़ा है। महेंद्र गोयनका ने फर्जी दस्तावेजों और हस्ताक्षरों के जरिए संजय पाठक परिवार की कई कंपनियों पर कब्जा हासिल करने की कोशिश की। इसके साथ ही उन्होंने करीब 1000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप हैं।

कौन हैं महेन्द्र गोयनका

महेंद्र गोयनका मूल रूप से मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा के रहने वाले हैं। वह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कारोबार करते हैं। माइनिंग, मिनरल्स, इस्पात, जेम्स और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में कारोबार करते हैं। इसके साथ ही वह कई अन्य कंपनियों में निदेशक और पार्टनर हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला