उज्जैन में दिशा की बैठक में सांसद ने गिनाई आम लोगों की समस्याएं
उज्जैन, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में बुधवार को सांसद अनिल फिरोजिया की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। बैठक में उन्होने निर्देश दिए कि एमआर-5 सड़क क्षेत्र में कचरा घर के पास स्थित नाले से स्थानीय लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, इसका शीघ्र निराकरण किया जाए।
फिरोजिया ने निर्देश दिए कि गरीबी रेखा के नीचे जीने वाले लोगों के लिए निगम,बोर्ड,प्राधिकरण की कॉलोनियों में ईडब्ल्यूएस के जो भी मकान रिक्त हैं, वे शीघ्र पात्र हितग्राहियों को आवंटित किए जाएँ। नई कॉलोनियों के निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। आने वाले दिनों में भगवान महाकालेश्वर की श्रावण-भादौ माह में निकलने वाली सवारी को ध्यान में रखते हुए सवारी मार्ग का दुरुस्तीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। गैस लाइन, पाइपलाइन और सीवरेज लाइन संबंधी कार्य में विशेष सावधानी बरती जाए। सिवरेज लाईन का कार्य पूर्ण सतर्कता के साथ किया जाए।
फिरोजिया ने निर्देश दिए कि नल-जल योजना अंतर्गत पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क निर्माण का कार्य तेज गति से किया जाए। जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनका अतिशीघ्र लोकार्पण कराया जाए। बिजली संबंधी लोगों की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए। विद्युत पोलों और तारों का उचित रखरखाव किया जाए। नर्माणाधीन शैक्षणिक भवनों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। महाविद्यालयों एवं छात्रावासों में आरओ पेयजल की व्यवस्था की जाए।
बैठक में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ, महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, विधायक अनिल जैन कालूहेडा, विधायक डॉ. तेजबहादूर सिंह चौहान,कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल