अशोकनगरः भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना मन की बात कार्यक्रम

 


अशोकनगर, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस आयोजन में यहां सबसे खास बात यह रही कि जिले भर के मूल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों की तादाद में एकत्रित होकर प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात सुनी और फिर अपने मन की बात भी एक-दूसरे से खुलकर साझा की।

श्रीजी महल में चार पूर्व जिला अध्यक्षों ने किया नेतृत्वप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का आयोजन यहां शहर के श्रीजी महल में किया गया। यहां विशेष बात यह रही कि भाजपा के मूल कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में एकजुट हुए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव के साथ भाजपा के चार पूर्व जिला अध्यक्षों- जयकुमार सिंघई, भानु सिंह रघुवंशी, धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी और नीरज मानोरिया ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इनके अलावा जिले के वरिष्ठ और कनिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

हर महीने एकत्रित होने का लिया संकल्प: हम पार्टी की नींव के पत्थर

आयोजन में वरिष्ठ जनों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यहाँ मौजूद जितने भी कार्यकर्ता एकत्रित हुए हैं, वे सभी 1988-90 के दौर के कार्यकर्ता हैं, जो पार्टी के नींव के पत्थर हैं। लेकिन वर्तमान में वे खुद को असहज महसूस कर रहे हैं।

बैठक में कहा गया कि बीते पांच सालों में ऐसा समय का फेर हुआ कि सभी एक-दूसरे से दूर होते गए। ऐसे सभी मूल कार्यकर्ताओं ने छोटे-बड़े सभी आंदोलनों में अपनी भागीदारी की है, फिर भी आज वे असहज हैं। पार्टी हमारा घर है; अगर हमारे घर में कोई बाहरी व्यक्ति आ गया है तो ठीक है, पर हम हमारे घर को कदापि नहीं छोड़ेंगे और हमारे घर को चलाएंगे भी हम ही।

सभी कार्यकर्ताओं ने इस बात का सामूहिक संकल्प भी लिया। इस दौरान पार्टी जनों ने कद्दावर नेता स्व. देशराज सिंह यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके समय में ऐसी स्थिति कभी देखने को नहीं आई कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को असहज होना पड़ा हो। उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को मजबूती प्रदान की, उनके इस योगदान को किसी को भूलना नहीं चाहिए।

संगठन के समक्ष रखेंगे अपने मन की बात

आयोजन में सभी पार्टी जनों और कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रत्येक माह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात सुनने के लिए सभी कार्यकर्ता इसी तरह एकत्रित होते रहेंगे और मोदी जी के संकल्पों को आगे बढ़ाएंगे।

साथ ही यह भी तय हुआ कि जो मूल कार्यकर्ता स्वयं को असहज और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और जिनके साथ भेदभाव किया जा रहा है, इस विषय को लेकर कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों के समक्ष पहुंचेगा और अपने मन की बात रखेगा, ताकि जिले में पार्टी को वास्तविक मजबूती मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार