मंदसौर में डेढ़ घंटे की मूसलाधार बारिश से जलभराव, शिवना नदी का जलस्तर बढ़ा

 


मंदसौर, 26 अगस्त (हि.स.)। मंदसौर में मंगलवार रात अचानक बदले मौसम के बाद करीब डेढ़ से दो घंटे तक हुई तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जबकि प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। इसे इस मानसून सीजन की अब तक की सबसे तेज बारिश बताया जा रहा है।

बारिश के दौरान शुक्ला चौक, भारत माता चौराहा, गांधी चौराहा, धानमंडी, नयापुरा रोड, लक्ष्मीबाई चौराहा, दया मंदिर रोड, शनि विहार कॉलोनी और संजीत नाका सहित कई इलाकों में पानी भर गया। कई स्थानों पर सड़कें तालाब में तब्दील नजर आईं। जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

चार पंपों से कराई पानी की निकासी

जलभराव की सूचना मिलने के बाद नगर पालिका ने धानमंडी स्थित पंप हाउस के चार पंप चालू कर दिए। इन पंपों के माध्यम से जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालकर शिवना नदी में छोड़ा गया। कम समय में हुई तेज बारिश के कारण बड़ी मात्रा में पानी जमा हो गया था, जिसके चलते निकासी के लिए पंपों का सहारा लेना पड़ा।

जलभराव की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर दिव्यांक सिंह देर रात अधिकारियों के साथ धानमंडी पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और अधिकारियों से जल निकासी की व्यवस्था तथा प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली।

शिवना नदी का जलस्तर बढ़ा

मूसलाधार बारिश के बाद शिवना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। तेलिया तालाब में भी पानी की आवक बढ़ने की जानकारी सामने आई है। शहर के आसपास नदी-नालों में भी पानी का बहाव तेज हो गया। जिले के कई क्षेत्रों में नदी-नालों के उफान पर होने की सूचना मिली है।

मंदसौर के अलावा मल्हारगढ़, संजीत, दलौदा, अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा क्षेत्र में भी बारिश दर्ज की गई।

अचानक हुई तेज बारिश से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं कम समय में बड़ी मात्रा में पानी गिरने से शहर की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई और कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया