लहार से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देंगे विकास की सौगात, 239 करोड़ के 40 कार्यों का लोकार्पण

 


भिण्ड, 11 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को भिण्ड जिले के लहार विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी करेंगे। साथ ही जिले को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए 238 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से तैयार 40 विकास कार्यों का लोकार्पण और 83 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत वाले 16 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की करीब 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक पात्र लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1,835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित करेंगे। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में भेजी जा रही है। जून 2023 से जून 2026 तक अब तक 37 किस्तों में कुल 59,581.96 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

जिले को मिलेंगी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव भिण्ड जिले में जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें चौम्हों और अकलोनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सुरपुरा और उमरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय भिण्ड में कार्यशाला भवन, मालनपुर में 50 सीटर अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, भिण्ड में 50 सीटर अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास, शासकीय महाविद्यालय अकोड़ा का भवन, अमायन का संयुक्त तहसील भवन, विभिन्न सीसी सड़क निर्माण कार्य, भिण्ड का क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक, सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालयों के निर्माण कार्य, जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल-जल योजनाएं तथा जिला अस्पताल का 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) अस्पताल शामिल हैं।

इन 16 परियोजनाओं का होगा भूमिपूजन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 83 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत वाली 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन भी करेंगे। इनमें प्रतापपुरा में अतिरिक्त कक्ष एवं प्रयोगशाला भवन, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय का अतिरिक्त भवन, 250 सीटर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह (रैन बसेरा), वैशाली नदी पर जलमग्नीय पुल, अटेर एवं गोहद के नवीन जनपद पंचायत भवन, विभिन्न स्थानों पर गौशालाओं का निर्माण तथा कई ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य शामिल हैं।

दो घंटे से अधिक रहेगा मुख्यमंत्री का प्रवास

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को ग्वालियर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 1:35 बजे लहार हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वे अपराह्न 3:45 बजे ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / Anil Sharma