अनूपपुर: बिजुरी में लोको पायलटों का 9वें दिन परिजन के साथ बैठे धरने पर
अनूपपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी रेलवे स्टेशन पर लोको पायलटों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को नौवें दिन भी जारी हैं। वहीं शाम को लोको पायलटों के परिजन भी आंदोलन में शामिल हो गए।
कर्मचारियों का आरोप है कि रेलवे प्रबंधन तय मानकों के विपरीत और असुरक्षित तरीके से काम करने का दबाव बनाता है, लेकिन शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही।
धरने पर बैठे लोको पायलटों का कहना है कि कई बार उनसे शॉर्टकट तरीके अपनाकर काम करने का दबाव बनाया जाता है। आरोप है कि इससे कर्मचारियों की सुरक्षा प्रभावित होती है और किसी अनहोनी की स्थिति में जिम्मेदारी तय करने के बजाय कर्मचारी पर ही कार्रवाई की जाती है।
कर्मचारियों के अनुसार असुरक्षित तरीके से काम करने से इनकार या किसी वजह से काम में देरी होने पर कर्मचारी पर ही आरोप लगाया जाता है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में ट्रांसफर जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। लोको पायलटों ने अपने साथी एमके विभूति के ट्रांसफर का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि उन पर गलत आरोप लगाकर उन्हें ब्रजराजनगर, ओडिशा ट्रांसफर किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने प्रबंधन के सामने अपनी समस्याएं रखने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी गई।
लोको पायलटों ने अपनी मांगों को लेकर बिलासपुर के मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन दिया था। कर्मचारियों का कहना है कि इसके बावजूद अब तक उनकी समस्याओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोको पायलट संघ ने कहा है कि जब तक रेलवे प्रबंधन उनकी मांगों पर सुनवाई कर उचित समाधान नहीं करता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। परिवारों के आंदोलन में शामिल होने के बाद प्रदर्शन का दायरा बढ़ गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला