जबलपुर : मित्रता दिवस पर आईएमए हाउस के नवीनीकरण कार्य सदस्य परिवारों को समर्पित

 


जबलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। मित्रता दिवस के अवसर पर रविवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) जबलपुर के आईएमए हाउस में कार्यकारिणी वर्ष 2025-26 की ओर से भवन में कराए गए मेंटेनेंस एवं रिनोवेशन कार्यों को समस्त आईएमए सदस्य परिवारों को समर्पित किया गया।

कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष डॉ. ऋचा शर्मा, सचिव डॉ. शामिख रज़ा, कोषाध्यक्ष डॉ. मोहसिन अंसारी एवं उपाध्यक्ष डॉ. कहकशां रज़ा ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। ईश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद आईएमए जबलपुर बिल्डिंग कमेटी के सदस्य डॉ. पवन स्थापक, डॉ. वृंद भारद्वाज एवं डॉ. अमरेंद्र पांडे ने शिलापट्टिका का अनावरण कर नवनिर्मित एवं जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने अध्यक्ष डॉ. ऋचा शर्मा और सचिव डॉ. शामिख रज़ा को सफलतापूर्वक कार्य संपन्न कराने पर बधाई भी दी।

अध्यक्ष डॉ. ऋचा शर्मा ने बताया कि आईएमए भवन के रखरखाव और उसे अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं। इनमें भवन की छत पर टीन शेड का निर्माण, फ्लोरिंग एवं वाटरप्रूफिंग, भवन के प्रवेश द्वार पर सौंदर्य एवं शांत वातावरण के लिए सीढ़ीनुमा जलप्रपात का निर्माण तथा पार्किंग परिसर में चौकीदार के लिए आवासीय कक्ष का निर्माण शामिल है। उन्होंने बताया कि इन कार्यों के लिए आईएमए सदस्यों द्वारा बिल्डिंग फंड में दिए गए सहयोग का उपयोग किया गया।

सचिव डॉ. शामिख रज़ा ने बताया कि उनकी निगरानी में सभी निर्माण कार्य पूरे किए गए। इसके अलावा भवन की दूसरी मंजिल स्थित सभागार में दो नई हैलोजन लाइटें लगाई गईं तथा मंच के सामने रैंप का भी निर्माण कराया गया है। कार्यक्रम में मित्रता दिवस के उपलक्ष्य में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को फ्रेंडशिप बैंड बांधे, केक काटकर शुभकामनाएं दीं और नवनिर्मित कार्यों का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर डॉ. संगीता श्रीवास्तव, डॉ. राजीव सक्सेना, डॉ. अर्पिता स्थापक, डॉ. राखी बाजपेई, डॉ. चोपड़ा एवं उनकी धर्मपत्नी, डॉ. कुसुम सोलंकी, डॉ. डी.के. तिवारी, डॉ. बृजेश चौधरी, डॉ. वेगड़ एवं उनकी धर्मपत्नी, डॉ. शिशिर चनपुरिया, डॉ. अशोक जैन, डॉ. सिंह सहित बड़ी संख्या में आईएमए सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक