जबलपुरः अवैध कॉलोनी पर नगर निगम की कार्रवाई, शासकीय भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

 


जबलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नगर निगम द्वारा अवैध निर्माण और शासकीय भूमि पर कब्जे के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही की जा रही है। बुधवार को नगर निगम की कॉलोनी सेल एवं अतिक्रमण दस्ते ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 900 वर्गमीटर बेशकीमती शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त कराया है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 65 लाख रुपये है।

कॉलोनी सेल प्रभारी सुनील दुबे ने बताया कि वार्ड क्रमांक 16 महाराणा प्रताप वार्ड, मौजा परसवाड़ा स्थित खसरा नंबर 118/1/1 एवं 118/1/2 की भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी तथा उसके पहुंच मार्ग के लिए शासकीय खसरा नंबर 118/2 की भूमि पर अनाधिकृत निर्माण किया गया था। उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनी के निर्माणकर्ताओं ध्रुव भोला एवं रूपेश तिवारी को पूर्व में नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

वैधानिक स्वीकृति दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर प्रशासन ने निष्पक्ष रूप से मार्ग व अवैध ढांचे को हटाने की कार्रवाई की। कार्यवाही के दौरान कॉलोनी सेल प्रभारी सुनील दुबे, कॉलोनी सेल की टीम तथा अतिक्रमण शाखा कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक