उज्जैन में आईआईटी मुंबई के विशेषज्ञों ने दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

 


उज्जैन, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से नवाचारों की श्रृंखला अंतर्गत शुक्रवार को आईआईटी मुंबई के विशेषज्ञों के दल ने कंस्ट्रक्शन सेफ्टी कैपेसिटी बिल्डिंग ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु लोक निर्माण विभाग-सेतु संभाग,उज्जैन नोडल एजेंसी थी।

सिंहस्थ मेलाधिकारी सह संभागायुक्त आशीष सिंह तथा कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सिंहस्थ से संबंधित विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना कार्यों में संलग्न अधिकारियों एवं अभियंताओं को आधुनिक निर्माण सुरक्षा मानकों, कार्यस्थल सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन,आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा सुरक्षित निर्माण प्रक्रियाओं के संबंध में प्रशिक्षित करना था, ताकि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन किया जा सके। प्रशिक्षण में लोक निर्माण विभाग, एमपीआरडीसी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग सहित विभिन्न विभागों के अभियंता एवं तकनीकी अधिकारी उपस्थित थे।

प्रशिक्षण में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान(आईआईटी,मुंबई)के विषय विशेषज्ञों के व्यावहारिक सत्र रहे। विशेषज्ञों ने निर्माण सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर लाइव डेमो से प्रतिभागियों को सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, संभावित जोखिमों की पहचान तथा दुर्घटना निवारण के उपायों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को विभिन्न समूह गतिविधियों एवं व्यवहारिक अभ्यासों में सम्मिलित किया जिससे अधिकारी एवं अभियंता निर्माण स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधन की प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझ सके और व्यवहार में अपना सके। प्रशिक्षण के दौरान आईआईटी, मुंबई के विशेषज्ञों ने निर्माण स्थलों का निरीक्षण भी किया तथा मौके पर ही सुरक्षा मानकों, संभावित जोखिमों एवं उनके प्रभावी निराकरण के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल