राजगढ़ःखेत पर बने मकान में लगी आग, किसान को करीब 5 लाख का नुकसान
राजगढ़,19 अप्रैल(हि.स.)। जिले के मलावर थाना क्षेत्र में एक किसान के खेत पर बने मकान में अचानक आग लग गई। आग से खेत पर रखा भूसा, पाइप, मोटर, लहसुन, स्टाटर सहित अन्य सामान जल गया, जिससे करीब पांच लाख का नुकसान हो गया। पुलिस ने रविवार को मौका-मुआयना कर आगजनी का केस दर्ज कर जांच शुरू की ।
जानकारी के अनुसार मलावर निवासी बबलू (45) पुत्र गणपत गिर ने बताया कि बीती रात घर पर था तभी खेत पर बने मकान में अचानक आग लग गई। सूचना पड़ोसी ने दी, जिसके बाद वे परिजनों और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही पुलिस को भी तुरंत सूचना दी गई। किसान बब्लू ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि खेत में बने मकान का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना में कृषि इंजन, पाइप, 40 बोरा लहसुन की उपज, पशुओं का भूसा सहित कई जरूरी सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि ग्रामीणों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
किसान ने बताया कि इस घटना में लगभग 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जिसकी रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई है। उन्होंने शासन से राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके अलावा आग लगने के कारणों का पता लगाकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग भी की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक