मैंने स्वयं एचपीवी वैक्सीन लगवाई है, इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है : कलेक्टर
मंदसौर, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर अदिती गर्ग ने सोमवार को प्रात: 11:00 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय से एचपीवी वैक्सीन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं एचपीवी वैक्सीन लगवाई है और इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है।
कलेक्टर ने कहा कि यह एक सुरक्षित और प्रभावी टीका है, जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम में न आएं और अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं।
कलेक्टर ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन के प्रचार-प्रसार के लिए जिले में एचपीवी टीका मित्र भी बनाए गए हैं, जो नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं हैं। ये टीका मित्र गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर उन्हें इस वैक्सीन के प्रति जागरूक करेंगी। उन्होंने कहा कि इस वैक्सीन के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार बहुत जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक बच्चियां इसका लाभ ले सकें।
उन्होंने बताया कि जिले में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके लिए जिले में 10 वैक्सीनेशन केंद्र बनाए गए हैं, जहां नियमित रूप से टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीका लगने के बाद केवल हल्का दर्द हो सकता है, जो अन्य टीकों की तरह सामान्य है। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न गांवों में भ्रमण कर लोगों को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया