शाजापुर में डीपीसी कार्यालय के पीछे भीषण आग, दो दमकलों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
शाजापुर, 22 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर शहर के लालघाटी क्षेत्र स्थित जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) कार्यालय के पीछे शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग भड़क उठी। दोपहर करीब 2 बजे खुले मैदान में लगी आग तेज गर्मी और चल रही हवाओं के कारण तेजी से फैलने लगी, जिससे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
आग की लपटें कुछ ही देर में कार्यालय के पीछे तक पहुंच गईं, जहां महत्वपूर्ण सरकारी रिकॉर्ड और दस्तावेज रखे हुए थे। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों ने तुरंत कार्यालय खाली कर दिया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।
दस्तावेजों तक पहुंची आग की तपिश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि उसकी गर्मी कार्यालय भवन तक महसूस की जा रही थी। कर्मचारियों में इस बात को लेकर घबराहट फैल गई कि कहीं आग रिकॉर्ड रूम तक न पहुंच जाए। यदि आग कुछ देर और फैलती, तो महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज जलकर राख हो सकते थे।
दो दमकलों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही नगर पालिका और दमकल विभाग की दो फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने चारों ओर से घेराबंदी कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। तेज हवाओं के कारण आग बार-बार भड़क रही थी, लेकिन काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि आसपास के क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जांच में जुटा प्रशासन
प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या खुले मैदान में किसी चिंगारी से आग लगने की जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे