बायो मेडिकल वेस्ट सामान्य कचरे में मिलाने पर अस्पताल पर 10 हजार का जुर्माना
भोपाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भोपाल शहर में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की। करोद चौराहे स्थित अटल मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में बायो मेडिकल वेस्ट सामान्य कचरे के साथ मिलाकर रखने पर प्रबंधन से 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, परशुराम चौराहे के पास खुले में कचरा फेंकने वाले एक रहवासी को जुर्माना भरने से इनकार करने पर थाने ले जाया गया। वहां गलती स्वीकार करने के बाद उसने 500 रुपये का स्पॉट फाइन जमा किया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर शहर में सफाई व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में गुरूवार को जोन क्रमांक 17 के अमले ने वार्ड क्रमांक 79 में निरीक्षण किया। इस दौरान करोद चौराहे पर स्थित अटल मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में अस्पताल से निकलने वाले बायो मेडिकल वेस्ट को सामान्य कचरे के साथ मिलाकर रखना पाया गया। निगम अमले ने इस लापरवाही पर अस्पताल प्रबंधन से 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
खुले में कचरा फेंकने पर 500 रुपये का जुर्माना
इसी तरह जोन क्रमांक 16 के अमले ने वार्ड क्रमांक 68 में निरीक्षण के दौरान परशुराम चौराहे के पास एक रहवासी को खुले में कचरा फेंकते हुए पकड़ा। निगम कर्मचारियों ने उसे ऐसा करने से रोका और स्पॉट फाइन जमा करने को कहा, लेकिन उसने जुर्माना भरने से इनकार कर दिया।
इसके बाद निगम का अमला संबंधित रहवासी को अयोध्या थाने ले गया। वहां रहवासी ने अपनी गलती स्वीकार की और 500 रुपये का जुर्माना जमा किया। निगम कर्मचारियों ने उसे समझाइश दी कि भविष्य में खुले में कचरा न फेंके और कचरा हमेशा नगर निगम के कचरा वाहन को ही सौंपे। नगर निगम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा