बदनावर -उज्जैन मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रॉले ने वैन को मारी टक्कर, 6 की मौत

 


धार, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई। हादसा बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार हादसा ग्राम पंचकवासा के पास करीब दोपहर एक बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रॉले ने सामने से आ रही मारुति ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। वहीं कार में सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए बदनावर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार हादसा गलत लेन में चलने की वजह से हुआ। कार सवार सभी युवक गुजरात के वडोदरा के रहने वाले थे और उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद वैन से गुजरात लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे ट्रॉले ने उनकी वैन को टक्कर मार दी। हादसे की वजह से युवकों का सफर बीच रास्ते में ही खत्म हो गया। हादसे की खबर वडोदरा में उनके परिवारों तक पहुंचने के बाद वहां भी मातम पसर गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. वहीं, हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे जाम की स्थिति बन गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi