देवास में जवारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 40 लोग घायल, एक युवक की हालत गंभीर
देवास, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के राजोदा गांव में मंगलवार सुबह जवारा विसर्जन के दौरान अचानक मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। कुएं के आसपास मौजूद करीब 200 श्रद्धालुओं के बीच मधुमक्खियों का झुंड फैल गया। इस घटना में लगभग 40 लोग घायल हो गए। इनमें से 11 लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर करना पड़ा।
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार सुबह जवारा विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में लोग गांव में कुएं के पास एकत्रित हुए थे। इसी दौरान 5 से 6 लोग कुएं में नहाने के लिए कूद गए। कुएं के ठीक ऊपर लगे पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। नहाते समय पानी के तेज छींटे छत्ते पर जा पड़े। इसके बाद मधुमक्खियां अचानक भड़क गईं और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग मधुमक्खियों से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते धार्मिक आयोजन का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया और कई लोग हमले की चपेट में आ गए।
जान बचाने के लिए 2 किलोमीटर तक भागे लोग
घायल संतोष पाटीदार ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए लोगों को काफी दूर तक भागना पड़ा। कुछ लोग नीम की डालियों की मदद से मधुमक्खियों को हटाने की कोशिश करते रहे, जबकि अन्य अपनी जान बचाने के लिए करीब 2 किलोमीटर तक दौड़े। संतोष ने बताया कि उन्होंने खुद को और कुछ अन्य लोगों को एक जाली के अंदर छिपाकर बचाया। मधुमक्खियों के डर से वे करीब 15 मिनट तक जाली के भीतर ही दुबके रहे। इस दौरान गांव में लोग घायलों को संभालने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में जुटे रहे।
गांव में प्राथमिक उपचार, 11 घायलों को जिला अस्पताल ले गए
घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों की मदद की। ग्रामीण अशोक चौधरी के अनुसार, कई लोगों को गांव में ही प्राथमिक उपचार दिया गया और जरूरत के मुताबिक ड्रिप चढ़ाई गई। गंभीर रूप से प्रभावित लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर शरद वीरपरा ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में घायल 11 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें कान्हा नाम के युवक की हालत बेहद गंभीर थी। उसके शरीर से 200 से अधिक डंक निकाले गए। स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टर के अनुसार, अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत