मंदसौर में हवाई हमले और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का अभ्यास

 


मंदसौर, 28 नवंबर (हि.स.)। गृह मंत्रालय और मध्य प्रदेश शासन के निर्देश पर शनिवार को मंदसौर में हवाई हमले और ब्लैकआउट से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में स्थानीय होमगार्ड मैदान पर हुए इस अभ्यास में करीब 120 सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों और आपदा प्रबंधन मित्रों ने हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल का संचालन जिला होमगार्ड कमांडेंट वीरेंद्र सिंह जादौन, कमांडर संदीप भंवर, कमांडर रब्बी काजी, सिविल डिफेंस विभाग के डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी, सेक्टर वार्डन शक्ति सिंह और एसडीईआरएफ जवान विशाल जोशी के नेतृत्व में किया गया।

अभ्यास के दौरान दुश्मन देश की ओर से अचानक हवाई हमला और बमबारी होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इसमें आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को भय और अफरा-तफरी से बचाने, आग लगने पर अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया गया।

मॉक ड्रिल में आपातकालीन रेड अलर्ट सायरन बजने पर सभी गतिविधियां रोकने और बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट लागू करने का अभ्यास भी किया गया। साथ ही बमबारी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और ग्रीन अलर्ट सायरन बजने के बाद बचाव एवं राहत कार्य शुरू करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

इस संयुक्त अभ्यास में जिला प्रशासन, होमगार्ड बल, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और विद्युत मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और हवाई हमले जैसी आपात स्थितियों में आमजन की सुरक्षा के लिए त्वरित कार्रवाई की तैयारी करना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया