जबलपुरः नर्मदा नदी में डूबी होमगार्ड की नाव, नाविकों ने बचाई प्रशिक्षुओं की जान

 


जबलपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में ग्वारीघाट में शुक्रवार को नर्मदा तट पर श्रद्धालुओं की निगरानी और सुरक्षा के लिए तैनात होमगार्ड की मोटर बोट अचानक बीच धार में डूब गई। जिस वक्त नाव का इंजन बंद हुआ, उस समय नर्मदा नदी तेज बहाव के साथ उफान पर थी और पेट्रोलिंग टीम नाव में सवार थी।

इंजन बंद होते ही होमगार्ड की नाव तेज बहाव में डूबने गयी।

नाव में सवार लोगों के सामने पानी में कूदने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था। इस दौरान उन्होंने घाट के किनारे मौजूद स्थानीय नाविकों से मदद की गुहार लगाई।

आवाज सुनते ही तीन-चार स्थानीय नाविक अपनी नाव लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बमुश्किल होमगार्ड की नाव में सवार प्रशिक्षुओं को अपनी नाव में सुरक्षित किनारे पहुँचाया।

जानकारों के मुताबिक, घटना के वक्त होमगार्ड की नाव में करीब 15 लोग सवार थे। हालांकि, ग्वारीघाट पुलिस का कहना है कि नाव फेल हो गई थी और उसे सुरक्षित किनारे पर ले आया गया है।

सूत्रों के अनुसार, नाव में होमगार्ड के प्रशिक्षु सवार थे। सभी प्रशिक्षुओं को लाइफ जैकेट पहनाकर नर्मदा के घाट क्षेत्र में पेट्रोलिंग के लिए भेजा गया था। इसी दौरान तेज बहाव के बीच मोटर बोट का इंजन अचानक बंद हो गया।

इंजन बंद होने के बाद नाव पानी के बहाव के साथ आगे बढ़ने लगी। मौके की गंभीरता को देखते हुए नाव में सवार लोगों ने घाट किनारे मौजूद नाविकों को आवाज लगाकर मदद मांगी। स्थानीय नाविक तुरंत अपनी नाव लेकर पहुंचे और रेस्क्यू करते हुए प्रशिक्षुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।

बाद में रस्सी के सहारे होमगार्ड की खराब नाव को भी किनारे तक खींचकर लाया गया। घटना ने उफनती नर्मदा में पेट्रोलिंग और सुरक्षा के लिए इस्तेमाल की जा रही नावों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक