अनूपपुर: जिलेभर में आज धूमधाम से होगा होलिका दहन,चप्पा चप्पा पुलिस की नजर में

 






अनूपपुर, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में 3 दिनों तक चलने वाले रंगों के त्योहार होली पर्व का सोमवार से शुभारंभ हो गया है। इस वर्ष जिले भर में 456 होलिका का निर्माण किया गया है, सोमवार की रात्रि जगह- जगह होलिका दहन किया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने घरों में सफाई के साथ पुताई लिपाई करनी शुरू कर दी है। 3 मार्च को चंद्रग्रहण में होली खेलने को लेकर संशय बना हुआ हैं। ऐसे में अधिकांश ज्योतिषाचार्य और विद्वान पंडितों का मानना है कि होली 4 मार्च को खेली जाएगी और होलिका दहन 2 मार्च को किया जाएगा।

3 मार्च को साल का पहला चंद्र ग्रहण होगा जो भारत में दिखाई देगा, जिसके कारण इसका सूतक काल मान्य रहेगा। यह चंद्र ग्रहण दोपहर करीब 03 बजकर 22 मिनट से लेकर शाम 6 बजकर 47 मिनट तक चलेगा। ऐसे में 4 मार्च को रंगों वाली होली खेली जाएगी। 3 मार्च को दोपहर चंद्र ग्रहण शुरू हो जाएगा लेकिन उसके 09 घंटे पहले सूतक काल शुरू होगा। सूतक और ग्रहण में होली खेलना शुभ नहीं रहेगा। इस कारण 4 मार्च को होली का त्योहार पूरे जोश और उमंग से साथ मनाया जाना ज्यादा अच्छा रहेगा।

हिंदू पंचांग के अनुसार, फाल्गुन पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 02 मार्च की शाम 5 बजकर 45 मिनट से होगी, जिसका समापन 3 मार्च को शाम 5 बजे होगा। सुरक्षा के लिए अतरिक्तद पुलिस बल के साथ जिले के 150 बल की तैनाती की गई हैं।

जिले भर में छोटी 316 एवं बड़ी 140 कुल 456 होलिका का निर्माण किया गया है। होली जलने के बाद दूसरे दिन 3 मार्च को बच्चों की होली (रंग) सुबह से ही शुरूआत होगी टोलियां बना कर नगर मे भ्रमण करती हुई रंगों से सराबोर रहेगी, बच्चे चेहरों में मुखौटा लगाकर गली मोहल्ले में घूम घूमकर लोगों को रंग लगाते नजर आएंगे। रविवार से ही बाजारो में चहल-पहल त्यौहार को लेकर शुरू हो गई है। बच्चों मे उत्साह देखने को मिल रहा है। जिला मुख्यालय अनूपपुर सहित के कोतमा अमलाई, नर्मदा नगरी अमरकंटक, राजेंद्रग्राम, विवेक नगर, जैतहरी, वेंकटनगर चचाई रामनगर, राजनगर, बिजुरी, भालूमाड़ा जमुना कालरी क्षेत्र में जगह-जगह बच्चों ने होलिका की डांग गड़ा दी है और होली के लिए लकड़ियां भी इकट्ठी कर ली गईं हैं। बाजारों में दुकानदारों के द्वारा पिचकारी मुखौटे रंग अबीर की दुकानें सजाई है। मंगलवार एवं बुधवार को धुरेडी पर्व को देखते हुए अधिकांश दुकानें भी बंद रहेंगी जिसकी वजह से त्यौहार के पूर्व ही खरीदी जमकर की गई। ज्ञात हो कि विन्ध में होली दो दिनों खेली जाती हैं।

पंडित संदीप ज्योतिषी ने बताया कि पूर्णिमा तिथि 2 मार्च को शाम 5:55 मिनट से प्रारंभ होकर 3 मार्च को शाम 5 बजकर 7 मिनट तक रहेगी परंतु 2 मार्च को सायं काल 5:55 मिनट पर पृथ्वी लोक की अशुभभद्रा के साथ पूर्णिमा तिथि प्रारंभ होने से होलिका दहन नहीं किया जा सकता है 3 मार्च को दोपहर 3:20 से 6:47 मिनट तक चंद्र ग्रहण लगने से इसका सूतक भी 3 मार्च सुबह 6:20 से प्रारंभ हो जाएगा।

पंडित संदीप ज्योतिषी ने बताया कि धर्म ग्रंथो में स्पष्ट लिखा है कि भद्राकाल और ग्रहण मैं होलिका दहन करना अशुभ होता है होलिका दहन के लिए 3 मार्च की सुबह 5:29 से 6:19 तक 50 मिनट का समय शास्त्र सम्मत है होलिका पूजन में नारियल पान सुपारी अक्षत धूप दीप मीठा फल साथ मैं चना गेहूं की बाल चढ़ाना चाहिए।

सूतक में क्या करें- सूतक और ग्रहण के दौरान भोजन पानी और खाद्य पदार्थ को बचाने के लिए उनमें तुलसी दल और कुशा डालें मान्यता है कि तुलसी और कुशा पवित्र करने की शक्ति होती है जिससे खाद्य सामग्री अशुद्धि नहीं होती सूतक काल में पूजा और मूर्ति स्पर्श न करें ग्रहण के दौरान पका हुआ भोजन न खाएं ग्रहण के समय मंत्र जाप करें ग्रहण के समाप्त होने पर पर स्नान दान करें और नर्मदा जल एवं गंगाजल छिड़क कर शुद्धिकरण करें। यह चंद्र ग्रहण सिंह राशि में लग रहा है और पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र में है सिंह राशि वालों के लिए यह समय थोड़ा मानसिक उतार-चढ़ाव वाला हो सकता है गुस्से पर काबू रखें सेहत का ध्यान रखें चंद्रमा मन का कारक ग्रह है इसलिए कई लोगों को भावनात्मक रूप से बेचैनी हो सकती है।

दो दिन रहेगा 'शुष्क दिवस'

होली पर्व के अवसर पर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षल पंचोली ने 'शुष्क 'दिवस' घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार 2 मार्च की रात्रि 11:30 बजे से 3 मार्च (धुरेडी) की सायंकाल 5 बजे तक जिले में शुष्क दिवस प्रभावी रहेगा।

जिला मुख्यानलय अनूपपुर में होली के त्योहार पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने फैसला लिया है। शहर में भीड़भाड़ और हादसों को रोकने के लिए 2 और 3 मार्च को भारी वाहनों (ट्रक, डंपर और ट्रेलर) की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देश पर 2 मार्च से शुरू होकर 3 मार्च की रात 12 बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं भारी वाहनों को शहर में घुसने के लिए पहले से मिलीं सभी विशेष अनुमतियां भी इस दौरान रद्द रहेंगी। होली और धुलेंडी के मौके पर शहर के चौराहों और सड़कों पर काफी भीड़ रहती है। कई जगहों पर सड़क किनारे ही होलिका दहन होता है, जिससे रास्ता जाम होने और बड़े वाहनों से दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। इसीलिए सुरक्षा के लिहाज से यह कदम उठाया गया है।

जरूरी सेवाओं को मिलेगी छूट

इस दौरान लोगों की सुविधा के लिए एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और सरकारी सप्लाई वाले वाहनों को इस पाबंदी से बाहर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर इन गाड़ियों को निकलने की जगह दी जाएगी ताकि इमरजेंसी में कोई परेशानी न हो। पुलिस ने ट्रक और डंपर मालिकों से सहयोग की अपील की है।

पुलिस ने साफ कर दिया है कि होली पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शराब पीकर गाड़ी चलाने, किसी पर जबरदस्ती रंग डालने और बिजली के तारों के नीचे होली जलाने पर रोक लगाई गई है। साथ ही, तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने वालों पर भी पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। अतरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम ने बताया कि होली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेंगी चप्पे चप्पे में बल के साथ पेट्रोलिंग टीम की तैनाती की गई हैं। अतरिक्त पुलिस बल के साथ जिले के 150 बल की तैनाती की गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला