जबलपुरः राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के होली मिलन समारोह में रंग-गुलाल के साथ दिया सामाजिक समरसता का संदेश
जबलपुर, 07 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शनिवार को विभिन्न स्थानों केशव नगर और हनुमान नगर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों सहित क्षेत्र के सामाजिक और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर फूलों की होली खेली गई।
होली मिलन समारोह के दौरान स्वयंसेवकों ने गीत संगीत के माध्यम से प्रस्तुति दीं। इस अवसर पर समाज में सद्भाव, एकता और समरसता बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और भाईचारे को बढ़ाने का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सकारात्मक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। होली मिलन समारोह के माध्यम से समाज में एकता और सौहार्द का वातावरण मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।
समारोह के अंत में सामूहिक रूप से सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन आपसी सद्भाव और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक