जबलपुरः केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद में ध्यानचंद की 121वीं जयंती खेल दिवस के रूप में आयोजित

 


जबलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में शनिवार को हॉकी के जादूगर ध्यानचंद की 121 जयंती को खेल दिवस के रूप में मनाया गया।

केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव फिरोज कुमार मेश्राम, सचिव कार्यालय नितिन खत्री, सचिव खेल एमसी बालोदी, पूर्व खेल सचिव अनिल अलंग सहित सभी खेल प्रभारियों, खिलाड़ियों, महिलाओं व बच्चों ने परिषद के मशाल परिसर में स्थापित ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में हॉकी के जादूगर की प्रतिमा स्थापित की गई। यह मध्य प्रदेश में हॉकी के जादूगर की स्थापित होने वाली पहली प्रतिमा है।

प्रत्येक कार्मिक को प्रतिदिन 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि पर सर्वोच्च प्राथमिकता दे-केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव ने इस अवसर पर उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कहा कि समस्त विद्युत कंपनियों के कार्मिकों का आह्वान किया कि वे फिट इंडिया मूव्हमेंट के अनुरूप कम से कम एक घंटा खेल के मैदान में बिताएं। उन्होंने कहा कि खेल दिवस पर केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद का ध्येय व संकल्प है कि “हर कर्मचारी वर्ष में कम से कम एक खेल से जुड़े और प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करे।” मेश्राम ने कहा कि वर्तमान जीवनचर्या को देखते हुए प्रत्येक कार्मिक को प्रतिदिन 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि पर सर्वोच्च प्राथमिकता देना चाहिए।

कार्यक्रम में जनसंपर्क अधिकारी पंकज स्वामी ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जबलपुर से गहरा संबंध है। ध्यानचंद का बचपन जबलपुर में बीता था। ध्यानचंद जब सिर्फ चार वर्ष के बच्चे थे, तब वे पहली बार अपने पिता के बड़े भाई के पास जबलपुर आए थे। छोटे भाई रूप सिंह का जन्म 1908 में जबलपुर में ही हुआ। ध्यानचंद का जबलपुर से उस समय गहरा संबंध बना जब उनकी बहिन सुरजा देवी का विवाह 1940 में जबलपुर के किशोर सिंह चौहान से हुआ। किशोर सिंह चौहान राइट टाउन में हवाघर नाम के प्रसिद्ध मकान में रहते थे। जनवरी-फरवरी 1975 में मध्यप्रदेश विद्युत मण्डल के आमंत्रण पर हॉकी के जादूगर ध्यानचंद अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण मण्डल हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन करने अंतिम बार जबलपुर आए थे।

खेल दिवस आयोजन में कार्यालय प्रभारी संजय आनंद, सह प्रभारी क्रिस्टोफर नरोन्हा, सुमंत मिश्रा, सुनील सिंह, संजय केने, नीरज दुबे, महेंद्र सोनी, रावेन्द्र वर्मा, शेख गुलाम, संतोष द्विवेदी, संजय सिंह, अशोक चौहान, रवीन्द्र अवस्थी, सूर्यभान वर्मा, संजय पोल, सुरेन्द्र इंगले, रोहित कुशवाहा, जुक्त बहादुर, राकेश स्वामी, घनश्याम रान, आरडी प्रजापति, एसके शाह, माधुरी तिवारी, प्रतिभा पटेल, अनीता तिवारी, वैशाली सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक