होर्डिंग संचालकों को स्ट्रक्चर रिपोर्ट देना अनिवार्य, रिपोर्ट नहीं देने वालों की अनुमति होगी निरस्त: महापौर
भोपाल, 23 जून (हि.स.)। बारिश के मौसम में नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए भोपाल नगर निगम ने शहर में लगे यूनीपोल और होर्डिंग्स की सुरक्षा जांच को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। महापौर मालती राय ने निगम की होर्डिंग एवं अतिक्रमण शाखा की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए हैं कि सभी होर्डिंग संचालकों से स्ट्रक्चर रिपोर्ट अनिवार्य रूप से ली जाए। रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने वाले संचालकों की अनुमति निरस्त करने की कार्रवाई की जाए।
महापौर ने मंगलवार को निगम मुख्यालय अटल भवन के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में होर्डिंग और अतिक्रमण शाखा के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने तेज आंधी और बारिश के दौरान होर्डिंग्स से संभावित खतरे को देखते हुए अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में विज्ञापन के लिए अनुमति प्राप्त सभी यूनीपोल और होर्डिंग संचालकों को नोटिस जारी कर स्ट्रक्चर रिपोर्ट मांगी जाए। यदि निर्धारित समय के बाद भी संचालक रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराते हैं तो उनकी अनुमति समाप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में महापौर ने अतिक्रमण शाखा को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए नाला-नालियों पर किए गए अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अतिक्रमण प्रभारी अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और किसी भी प्रकार के नए अतिक्रमण या अवैध निर्माण को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करें।
महापौर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर की बेहतर व्यवस्था निगम की प्राथमिकता है। वर्षा ऋतु को देखते हुए होर्डिंग सुरक्षा और जल निकासी व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार, उपायुक्त हीरेन्द्र सिंह कुशवाह, महापौर परिषद सदस्य आनंद अग्रवाल सहित होर्डिंग एवं अतिक्रमण शाखा के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा