राजगढ़ः हाइवे की जमीन पर चला बुलडोजर, सात पक्के-कच्चे निर्माण ध्वस्त

 


राजगढ़, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मानसून की शुरुआत के साथ ही प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-46 को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बड़ा अभियान चलाया। सोमवार को ब्यावरा में पागरी बंगला से बारवां जोड़ तक करीब एक किलोमीटर लंबे हिस्से में बुलडोजर कार्रवाई करते हुए सात बड़े कच्चे और पक्के निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।

सड़क किनारे वर्षों से रखी गुमटियों, टीनशेड और अन्य अस्थायी कब्जों को भी हटाकर हाइवे की भूमि खाली कराई गई।यह कार्रवाई करीब एक वर्ष बाद दोबारा की गई। पिछले साल भी बारिश से पहले इसी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन समय के साथ लोगों ने फिर से राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर कब्जा कर लिया था। इस बार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दोबारा अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई शुरू होने से पहले ही कई लोगों ने अपने टीनशेड और अस्थायी ढांचे स्वयं हटा लिए, जबकि कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा और अभियान बिना किसी व्यवधान के पूरा कराया।

अभियान के दौरान एसडीएम गोविंदकुमार दुबे, तहसीलदार आनंद जायसवाल, नरसिंहगढ़ थानाप्रभारी वीरेन्द्रसिंह धाकड़, ब्यावरा शहर थानाप्रभारी शिवराजसिंह चौहान सहित राजस्व, नगरीय प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी और करीब 100 पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि हाइवे को अतिक्रमण मुक्त रखने से यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक