मप्र हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव का कार्यक्रम घोषित, 17 अगस्त को होगा मतदान

 


मध्य प्रदेश, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन, जबलपुर के सत्र 2026-28 के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय सेठ, अधिवक्ता ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्वाचन समिति और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।

निर्वाचन समिति में हिमांशु तिवारी, आशीष श्रीवास्तव, सुधाकर मणि पटेल, राजकमल चतुर्वेदी, वंदना श्रोती, राकेश तिवारी, सुशील अग्रवाल, ए.टी. फरीदी, मनीष जैन और नितिन गुप्ता को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। वहीं चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष दत्त, जेड.एम. शाह, जे.पी. अग्रवाल और अमृत कौर रूपराह को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 31 जुलाई एवं 1 अगस्त 2026 को प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक वितरित किए जाएंगे।

नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 3 और 4 अगस्त को होगी। इसके बाद 5 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच कर पात्र उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी।

उम्मीदवार 6 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी।

बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए मतदान 17 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 18 अगस्त को कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन समिति ने बताया कि चुनाव संबंधी सभी प्रक्रियाएं मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के रजत जयंती सभागार में संपन्न होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक