राजगढ़ः हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवभक्ति में डूबा जिला
राजगढ़, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश का राजगढ़ जिला श्रावण मास के पहले सोमवार को पूरी तरह शिवमय नजर आया। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में पूजन सामग्री और कलश लिए भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, भांग, धतूरा, बेलपत्र, चंदन और सुगंधित पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक किया तथा अच्छी बारिश, परिवार की सुख-समृद्धि और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
ब्यावरा-सिरोंज मार्ग पर घुरेल की पहाड़ी स्थित प्राचीन पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं सुठालिया के बाबा बालकेश्वर महादेव मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया, जहां दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। ब्यावरा शहर के प्रसिद्ध अंजनीलाल धाम, बस स्टैंड स्थित प्राचीन शिवालय सहित अन्य मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का मनमोहक श्रृंगार किया गया। मंदिरों में रुद्राभिषेक, शिव मंत्रों का जाप, भजन- कीर्तन और महाआरती का आयोजन दिनभर चलता रहा।
नरसिंहगढ़ के प्रसिद्ध बड़े महादेव और छोटे महादेव मंदिरों पर पारंपरिक सावन मेले का विशेष आकर्षण देखने को मिला। आसपास के गांवों और शहर से हजारों श्रद्धालु पहाड़ी पर स्थित मंदिरों तक पहुंचे। हरियाली और झरनों के बीच स्थित इन मंदिरों का प्राकृतिक सौंदर्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहीं राजगढ़ के खोयरी महादेव मंदिर में भी सुबह से भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात एवं दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए। महिलाओं में भी पहले सावन सोमवार को विशेष उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की तथा परिवार की सुख-शांति, अखंड सौभाग्य और समृद्धि की कामना की। पूरे जिले में भक्ति, आस्था और उत्साह का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने सावन के पहले सोमवार को यादगार बना दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक