राजगढ़ः‘हर घर तिरंगा’ अभियान को घर-घर पहुंचाने का आह्वान, मंत्री पंवार ने दिए संगठन को सक्रिय करने के निर्देश

 


राजगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी मंडल की मासिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और राष्ट्रीय अभियानों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने मुख्य रूप से शामिल होकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मंत्री पंवार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का जनआंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे प्रत्येक घर तक पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ें और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दें। साथ ही संत रविदास महाराज की जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली विधानसभा स्तरीय यात्रा तथा हर बूथ पर कार्यकर्ता अपना प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों को भी गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक को भाजपा जिला महामंत्री देवीसिंह सौंधिया ने कहा कि संगठन की नियमित बैठकों में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। आगामी कार्यक्रमों की सफलता कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और समर्पण पर निर्भर करेगी। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा आगामी अभियानों में जनसहभागिता बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव, जिला उपाध्यक्ष इंदर सिंह लववंशी, पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष जसवंत गुर्जर,नारायण सिंह सालरियाखेड़ी, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, मंडल महामंत्री सुमित सोलंकी, दीपक सामरे, प्रदेश प्रभारी गोपाल जाटव, गोपाल बादशाह, दीपकमल शर्मा, पार्षद विष्णु साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार मंडल उपाध्यक्ष एवं पार्षद रूचि रवि बंडोने ने व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक