हेमंत खण्डेलवाल ने सुसनेर नगर परिषद में भाजपा की जीत पर दी शुभकामनाएं, प्रदीप सोनी अध्यक्ष निर्वाचित

 


भोपाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। आगर-मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के निर्वाचन में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप बद्रीलाल सोनी विजयी हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को 960 से अधिक मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद हासिल किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदीप सोनी को जीत की शुभकामनाएं देते हुए सुसनेर की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि सुसनेर नगर परिषद के चुनाव परिणाम में जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम स्थानीय स्तर पर भाजपा के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भी बधाई दी।

विकास और जनकल्याण को बताया जीत का आधार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं प्रयासों को जनता तक पहुंचाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा के साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का काम किया। चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और सक्रियता की सराहना करते हुए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

नागरिक सुविधाओं और विकास पर जोर

हेमंत खण्डेलवाल ने नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी से सुसनेर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनसेवा को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए नगर के विकास को गति देने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदीप सोनी के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए पुनः शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे